बस्ती। संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति ने बुधवार को 16 संगठनों के पदाधिकारियों, सेवा निवृत्त कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर विरोध दिवस मनाते हुए डीएम के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। पेंशनर्स के वर्गीकरण का नया कानून वापस लने की मांग की।
संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति के सह संयोजक राम बहोर मिश्र ने कहा कि केंद्र सरकार ने नया कानून लाकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों का वर्गीकरण कर दिया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से प्रदेश की सरकार ने वंचित कर दिया है जबकि वृद्धावस्था में उन्हें इसकी सर्वाधिक आवश्यकता पड़ती है। मांग किया कि सेवानिवृत्त शिक्षकों के हित में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल ने कहा कि शिक्षक सेवा निवृत्त शिक्षकों के साथ है और उनकी न्यायोचित मांगों को लेकर हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। मंडल संयोजक आरके ने कहा कि मांग पूर्ण होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
संयुक्त कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष मस्तराम वर्मा, जलालुद्दीन कुरैशी, शिवकुमार तिवारी, राममिलन वर्मा, रक्षाराम वर्मा, रामफेर यादव, दान बहादुर दूबे, लक्ष्मी गुप्ता आदि ने संबोधित किया।