जिला स्टेडियम मे मतदाता जागरूकता के लिए छात्र-छात्राओ ने शपथ लिया।
राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस के दिन सुबह शहर के राजकीय इंटर कालेज से स्टेडियम तक स्कूली बच्चों ने रैली निकाली। रैली के जरिए बच्चों ने मतदाताओं को हर हाल में मतदान करने के लिए प्रेरित किया। जिले में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में बच्चों ने जागरूकता रैली में भाग लिया। रैली को जीआईसी मैदान से डीएम प्रभु नरायन सिंह और एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तीन किमी. लंबी इस रैली में 38 स्कूलों के दस हजार से अधिक बच्चों और शिक्षकों ने भाग लिया। रैली के साथ सीडीओ अंजनी कुमार सिंह, एडीएम संतोष राय, एएसपी रोहित मिश्र, डीडीओ डीडी शुक्ल, एसडीएम सदर राजनरायन, सीओ एसएन सिंह, डीआईओएस डॉ. राजेश आर्य, बीएसए एमपी वर्मा, क्रीडा अधिकारी सुरेश बोनकर सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने उपस्थित 38 विद्यालयों के दस हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं तथा मंडल एवं जनपद के अधिकारियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। ‘हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।’ कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा भारत माता के चित्र के सामने मानव श्रृृंखला बनाई गई। विशिष्ट अतिथि डीआईजी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि वे छात्र-छात्राएं जो मतदाता हैं वे गर्व से अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा जो अभी मतदाता नहीं हैं वे अपने अभिभावकों को मतदान के दिन मतदान हेतु प्रेरित करें। इस मौके प्रभु नारायण सिंह ने सभी प्रतिभागियों एवं अधिकारियों के कार्यों की सराहना की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष रूप से जनपद के नगरीय क्षेत्रों के विद्यालयों के अध्यापकों एवं छात्रों की प्रशंसा किया। बेगम खैर, राजकीय बालिकाके छात्राओं एवं अध्यापकों ने बहुत ही सुंदर रंगोली एवं भारत माता का चित्र बनाया।