बस्ती। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों को गर्मी की छुट्टी में भी स्कूल आना होगा। 20 मई से 15 जून तक कुछ विद्यालयों में समर कैंप का आयोजन भी किया जाएगा। कैंप में बच्चों का रचनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव मिलेगा।
परिषदीय विद्यालयों में समर कैंप की तैयारियां शुरू कर दी गई है। सुबह डेढ़ घंटे चलने वाले समर कैंप में खेलकूद, योग, जीवन कौशल, व्यक्तिगत विकास, लिटरेसी से जुड़ी गतिविधियां होंगी। योग और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों के तहत बच्चों को आसन सिखाया जाएगा। इसमें बच्चे सूर्य नमस्कार, वृक्षासन और व्यायाम का प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिटनेस गेम में दौड़ और बाधा रेस का भी आयोजन होगा।
कैंप का उद्देश्य बच्चों को सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना भी है। कैंप में बच्चों को क्षेत्रीय नृत्य का अभ्यास, सांस्कृतिक परिधानों का प्रदर्शन और भारत की प्रसिद्ध लोग कथाओं का वाचन किया जाएगा। कैंप में बच्चों को मिट्टी और कागज से पारंपरिक वस्तुओं को बनाना भी बताया जाएगा। बच्चों को डिजिटल कौशल और स्मार्ट कक्षा की गतिविधियों से भी अवगत कराया जाएगा। पावर प्वाइंट और कैनवस के माध्यम से प्राकृतिक और विज्ञान परक प्रस्तुति की जाएगी। क्विज, शब्द पहेली, गणित और विज्ञान खेल भी बच्चों को सिखाए जाएंगे। समर कैंप के अंत में प्रतिदिन बच्चों को चिक्की, बाजरे और रामदाना के लड़्डू, गुड़ चना दिया जाएगा।
-
बच्चों को रचनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव देने के लिए परिषदीय विद्यालयों में 20 से 15 जून तक समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। बच्चों के शारीरिक मानसिक विकास के लिए योग प्रणायाम, सांस्कृतिक गतिविधियां, डिजिटल गतिविधिया आदि सिखाई जाएगी।
- अनूप कुमार, बीएसए