बस्ती। यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को 17 केंद्रों पर होगी। 10 केंद्र शहरी और सात केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए हैं। सीसीटीवी की नजर में होने वाली परीक्षा की निगरानी के लिए पुलिस लाइंस में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से पुलिसकर्मी 24 घंटे परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर नकल विहीन परीक्षा कराएंगे। परीक्षा केंद्र के 50 मीटर के दायरे में अनधिकृत लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। फोटो स्टेट की दुकानें भी बंद रहेंगी। परीक्षा केंद्र में मोबाइल और जूता पहनकर जाने पर रोक है। परीक्षार्थी हवाई चप्पल का ही इस्तेमाल कर सकते हैं।
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में बनाए गए 10 परीक्षा केंद्र में से आठ गांधीनगर क्षेत्र में हैं। सबसे अधिक अभ्यर्थी गोंडा जिले के होंगे। रोडवेज प्रशासन ने भी दरोगा भर्ती परीक्षा को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। आरएम रोडवेज बस्ती डिपो बस्ती आयुष भटनागर ने बताया कि 50 प्रतिशत बसों को दरोगा भर्ती परीक्षा के लिए आरक्षित किया गया है। ये बसें देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, बलरामपुर, गोंडा, आंबेडकरनगर, अयोध्या आदि रूट पर चलाई जाएगी।
उधर, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइंस में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने, त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने एवं सभी हेल्पलाइन नंबरों की निगरानी बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
उधर, कलक्ट्रेट सभागार में डीएम और एसपी ने बैठक कर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी रुधौली, अन्य अधिकारी, कर्मचारी और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर शासन से प्रदत्त आवश्यक दिशानिर्देश की जानकारी दी। साथ ही, शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। परीक्षा के सुचारू संचालन से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रामक खबर या संदिग्ध गतिविधि के होने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।