बस्ती। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की माध्यमिक विद्यालयों में प्री-परीक्षा कराई जा रही है। विद्यालयों की आंतरिक व्यवस्था में होने वाली परीक्षा में पिछले साल बोर्ड परीक्षा के रखे गए रिजर्व प्रश्न पत्र दिए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को काफी सीखने को मिल रहा है।
विद्यार्थियों का कहना है कि इसके जरिये मुख्य बोर्ड परीक्षा के लिए वह निपुण बन रहे हैं। इसी बहाने अच्छी तैयारी हो रही है।
12 जनवरी से शुरू प्री-परीक्षा के तीसरा प्रश्न पत्र 15 जनवरी को कराना तय हुआ था। मगर इस दिन मकर संक्रांति का अवकाश होने की वजह से तिथि में परिवर्तन करते हुए 14 जनवरी को ही अंग्रेजी विषय की परीक्षा करा ली गई। अब हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में तीन विषयों की परीक्षा हो गई है।
चौथे दिन 16 जनवरी को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में गणित विषय की परीक्षा कराई जाएगी। हाईस्कूल सुबह और इंटरमीडिएट की परीक्षा शाम की पॉली में कराई जाएगी। डीआईओएस संजय सिंह ने कहा कि 19 जनवरी को सभी 401 माध्यमिक स्कूलों में यह परीक्षा पूर्ण करा ली जाएगी।
इसके बाद विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल परीक्षा की तैयारी में जुटना है। प्री-परीक्षा का रिजल्ट परीक्षा खत्म होने के अगले दो-तीन बाद जारी कर दिया जाएगा। इसके लिए उत्तर पुस्तिकाओं की जांच भी विद्यालय स्तर पर कराई जा रही है।