बस्ती। बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए जिलेभर में छात्र-छात्राएं तैयारियों में जुट गई हैं। परीक्षा की तारीखें घोषित होने के बाद स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई की रफ्तार भी तेज हो गई है। अब विद्यार्थी पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों का भी सहारा लेकर अपनी तैयारी को मजबूत कर रहे हैं।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर छात्र-छात्राएं यूट्यूब पर विषयवार लेक्चर देखकर कठिन टॉपिक समझ रहे हैं। कुछ छात्र इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध एजुकेशनल पेजों को फॉलो कर महत्वपूर्ण नोट्स और टिप्स ले रहे हैं।
व्हाट्सएप ग्रुप में मॉडल पेपर और महत्वपूर्ण प्रश्नों का आदान-प्रदान लगातार जारी है। इससे विद्यार्थियों को अलग-अलग प्रश्न पैटर्न की जानकारी मिल रही है, जो परीक्षा में बेहद उपयोगी साबित हो रहा है।
इसके अलावा ऑनलाइन टेस्ट सीरीज और प्रैक्टिस क्विज भी छात्र-छात्राओं की तैयारी को धार दे रहे हैं। विद्यार्थी एप और वेबसाइटों के जरिये रोजाना अभ्यास टेस्ट देकर अपनी कमजोरियों को पहचान रहे हैं और उनमें सुधार कर रहे और नोट्स बना रहे हैं।