पुरानी दुश्मनी में छात्रनेता पर दागी गोली
बस्ती। शहर के महरीखावां में बुधवार रात छात्रनेता को पैतृक गांव की पुरानी दुश्मनी के चलते गोली मारी गई। घायल छात्रनेता सूरज चतुर्वेदी की मां की तहरीर पर पुलिस ने कोतवाली थाने में चार नामजद व दो-तीन अज्ञात के विरुद्घ बलवा, हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एएसपी पंकज का कहना है कि आरोपियों की तलाश में टीमें रवाना की गई हैं। उधर, केजीएमसी में भर्ती घायल छात्रनेता की हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है।
एएसपी के अनुसार घायल सूरज चतुर्वेदी मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के धनघटा थानाक्षेत्र के मड़पौना गांव के निवासी हैं। इनका परिवार काफी दिनों से शहर के महरीखावां में मकान बनवाकर रहता है। छात्र राजनीति से जुड़े सूरज चतुर्वेदी शिवहर्ष किसान पीजी कालेज छात्रसंघ के उपाध्यक्ष भी रहे हैं।
बुधवार देर रात करीब नौ बजे बाइक सवार बदमाशों ने महारीखावां जाने का रास्ता पूछने के बाद जवाब देने से पहले तमंचे से सूरज पर फायर कर दिया। गोली कंधे में लगते ही सूरज लहूलुहान होकर गिर गए। आनन फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। सवा नौ बजे प्राथमिक इलाज शुरू हुआ, लेकिन हालात नाजुक देख मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया था। शुरुआत में कयास लगाए जा रहे थे कि शहर में वर्चस्व को लेकर छिड़ी रार के कारण यह हमला हुआ, लेकिन बृहस्पतिवार को परिवार के लोग कोतवाली पहुंचे और नामजद तहरीर दी तो इन अटकल बाजियों पर विराम लग गया। जिसमें अपने गांव से सटे दुल्हापार के निवासी संजय सिंह, अजय सिंह, धनंजय सिंह पुत्रगण विक्रम सिंह व दीपक सिंह के अलावा दो-तीन अज्ञात व्यक्ति को हमले का जिम्मेदार बताया गया है। घायल की मां शशि चतुर्वेदी पत्नी राजेश कुमार चतुर्वेदी ने तहरीर में पुरानी रंजिश को हमले का कारण बताया है। कहा है कि गांव से सटे दुल्हापार के विक्रम सिंह के परिवार से पुरानी दुश्मनी है। इसी रंजिश में बुधवार रात नौ बजे उनके तीन पुत्र के अलावा अन्य लोग असलहा लेकर पहुंचे। दरवाजे के सामने गाली देने लगे तो सूरज ने ऐसा करने से मना किया तो उसके ऊपर फायर कर दिया। कहा गया है कि उक्त सभी को लोगों ने रोशनी में भागते हुए देखा है। आरोप है कि धनंजय सिंह ने पहले भी धमकी दिया था। एएसपी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हो जाएगा।