डीएम कार्यालय पर उ.प्र. होमगार्ड्स अवैतनिक अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशन का धरना जारी।
कलेक्ट्रेट में चल रहा उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स अवैतनिक अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशन का धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। धरने में शामिल कंपनी कमांडरों और संगठन के पदाधिकारियों ने एलान किया कि पांच अगस्त यानी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट से कचहरी परिसर, कंपनीबाग होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक तक मार्च निकालेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि यदि सात अगस्त तक प्रदेश सरकार का कोई रवैया सकारात्मक नहीं रहा तो अगले दिन यानी आठ अगस्त को प्रदेश भर के होमगार्ड जीपीओ पार्क लखनऊ में धरना देंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश यादव ने संबोधन में कहा कि संगठन के लोग धैर्य पूर्वक अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। यदि प्रदेश सरकार सकारात्मक विचार करती तो इसकी नौबत ही नहीं आती। उदय नरायन तिवारी ने कहा कि पहली तारीख से चल रहे आंदोलन के बावजूद प्रदेश सरकार की ओर से वार्ता की पहल न करना उनके अड़ियल रवैये को दर्शाता है।
धरने को मंडल अध्यक्ष प्रमोद सिंह, जिलाध्यक्ष धर्मात्मा शुक्ल, राजमणि आदि ने संबोधित किया और आंदोलन कामयाबी का दावा किया। कहा कि प्रदेश सरकार को होमगार्डों की मांगो के संबंध में त्वरित निर्णय लेना चाहिए। धरने में रवींद्र सिंह, राम सुुुभग, राम मिलन, फूलचंद्र मिश्र, कांति पांडेय, मीरा गुप्ता, राम सुरेश, मंजू के अलावा बड़ी संख्या में होमगार्ड मौजूद रहे।