जिला अस्पताल में ओपीडी में चिकित्सीय परामर्श के लिए इंतजार करते मरीज संवाद
बस्ती। तनावभरी दिनचर्या और आधुनिक जीवनशैली के कारण हाइपरटेंशन (हाई ब्लड प्रेशर) के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 100 से अधिक मरीज ब्लड प्रेशर की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या 40 वर्ष से कम उम्र के मरीजों की है।
गर्मी और उमस में अत्यधिक पसीना निकलने से भी हाई बीपी के मरीजों की परेशानी बढ़ रही है। बीपी घटने-बढ़ने की शिकायत पर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एसडी ओझा ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 100 से अधिक मरीज हाइपरटेंशन की समस्या लेकर पहुंचते हैं। इनमें करीब आधे मरीज 40 वर्ष से कम उम्र के होते हैं।
उन्होंने बताया कि तनावपूर्ण जीवन, शारीरिक सक्रियता की कमी, फास्ट फूड, धूम्रपान, शराब का सेवन और असंतुलित खानपान इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं। अधिक मात्रा में नमक का सेवन भी ब्लड प्रेशर बढ़ने का कारण बन सकता है।