जिला महिला अस्पताल के बाल रोग विभाग में बच्चे की जांच करते डॉ. अजय पटेल संवाद
बस्ती। होली में अनियमित खानपान का असर अब लोगों की सेहत पर दिख रहा है। जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में ऐसे रोगी अधिक आ रहे हैं, जिनके पेट में भारीपन और सूजन है। कई मरीजों की हुई जांच में पता चला कि पेट में संक्रमण है। उन्हें दवा देकर घर भेजा गया। वहीं चिकित्सकों ने बदलते मौसम में ठंडे पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी है।
जिला महिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय पटेल ने 56 बच्चों की जांच की। बताया कि अधिकांश बच्चों में सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार के साथ पेट में संक्रमण पाया गया। बताया गया कि होली में गलत खानपान का असर है। कई बच्चे दस्त से भी पीड़ित दिखे। वहीं, जिला अस्पताल में इलाज के लिए मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। ओपीडी के साथ ही पैथोलॉजी में जांच करने के लिए लोगों की भीड़ लग रही है।
सोमवार को इलाज के लिए 987 मरीज ओपीडी में पहुंचे। मौसम में बदलाव के कारण खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज आ रहे हैं। फिजिशियन डॉ. अखिलेश मद्देशिया ने बताया कि सुबह-शाम ठंड और दोपहर में तेज धूप बीमारियों को बढ़ा रही है। सूखी खांसी, शरीर में जकड़न और बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। सांस लेने में दिक्कत वाले मरीज भी आ रहे हैं। चिकित्सकों ने बच्चों, बुजुर्गों और अन्य रोगियों को सावधान रहने को कहा है।
अभी से ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक पेय व आइसक्रीम का सेवन परेशानी का कारण बन सकता है। बताया कि सही आहार दिल की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है। लाल मिर्च, मैदा, जंक फूड और मीठे पेय से दूरी बनाना जरूरी है। चिकना, तला-भुना और मसालेदार भोजन छोड़कर हल्का और सुपाच्य आहार लें। चेस्ट रोग विभाग में डॉ. मो. जमा ने मरीजों की जांच की। जिसमें सांस और चेस्ट में परेशानी वाले मरीज अधिक थे।