एसटीएफ के हत्थे चढ़ा तत्काल टिकट का धंधेबाज
छावनी के मलौली गोसांई से सद्दाम को पकड़ा
ट्रैवल एजेंसी की आड़ में करता था तत्काल टिकट का धंधा
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत(बस्ती)। छावनी थानाक्षेत्र के मलौली गोसाई कस्बे में मंगलवार सुबह रेलवे वेबसाइट हैक कर तत्काल टिकट बेचने वाले एक ट्रैवल एजेंट को लखनऊ की एसटीएफ टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सद्दाम हुसैन अंसारी के रूप में हुई है। वह घर में जन सेवा केंद्र की आड़ में अंसारी टूर एंड ट्रैवल एजेंसी खोलकर रेलवे की वेबसाइट हैक कर तत्काल टिकट बेचने का काम करता था।
सुबह पांच बजे छावनी थानाध्यक्ष विकास यादव के साथ मलौली कस्बे में पहुंची लखनऊ एसटीएफ की टीम अंसारी टूर एंड ट्रैवल एजेंट की दुकान पर गई। एसटीएफ को जनसेवा केंद्र से करीब ढाई सौ टिकट, आधा दर्जन तत्काल टिकट, दो लैपटॉप, कई मोबाइल फोन सहित दस्तावेज बरामद हुए। रेलवे की वेबसाइट आईआरसीटीसी को हैक कर ऑनलाइन टिकट बुकिंग में सेंधमारी की जांच करते समय लखनऊ एसटीएफ ने बस्ती के छावनी थानाक्षेत्र के इस ट्रैवल एजेंट की पहचान की थी।
कई प्रदेशों में फैला है सद्दाम का नेटवर्क
छावनी थानाक्षेत्र के मलौली कस्बा निवासी सद्दाम हुसैन अंसारी की गिरफ्तारी इलाके में चर्चा का विषय बनी है। लखनऊ एसटीएफ के डिप्टी एसपी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि बरामद लैपटॉप के एनीडेस्क की मदद से संपर्क में रहने वाले सभी आरोपियों की तलाश चल रही है। लखनऊ के साइबर थाना में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। साइबर थाना प्रभारी अनिल सिसोदिया ने बताया कि ट्रैवल एजेंट जिनका टिकट निकालने चाहते हैं उनका ब्योरा पहले ही ऑनलाइन एक्सटेंशन के जरिए भर लेते हैं। अधिकृत रेलवे की साइट को हैक कर 60 सेकंड में टिकट बना लेते हैं।
पुलिस के निशाने पर कई ट्रैवल एजेंसी
आरोप है कि छावनी क्षेत्र के कई जनसेवा केंद्रों व ट्रेवल एजेंसियों पर तत्काल रेल टिकट निकाले जाते हैं। मलौली कस्बे में अंसारी टूर एंड ट्रैवल पर लखनऊ एसटीएफ के छापे के बाद छावनी पुलिस तत्काल रेल टिकट बेचने वालों की सूची बनाने में जुट गई है। थानाध्यक्ष विकास यादव ने बताया कि थानाक्षेत्र के प्रमुख कस्बे व हाईवे सहित ग्रामीण इलाकों में चलने वाले जन सेवा केंद्र और तत्काल टिकट प्रणाली की सेवा देने वाले सेंटरों की सूची बनाई जा रही है।