बस्ती। राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने बुधवार को जिला महिला चिकित्सालय समेत हर्रैया सीएचसी और कप्तानगंज पीएचसी का निरीक्षण किया। हर्रैया सीएचसी में साफ-सफाई का अभाव देख नाराजगी जताई। कप्तानगंज पीएचसी में अनुपस्थित कर्मचारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
जिला महिला चिकित्सालय के सर्जिकल वार्ड में कन्या जन्मोत्सव पर 15 बच्चियों की माताओं को बेबी किट दी। उन्होंने भर्ती महिलाओं से हालचाल पूछा और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सीएमएस को खिड़की पर लगी जाली को ठीक कराने और कमरे में अतिरिक्त कूलर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। परिसर में स्थित सखी वन स्टाफ सेंटर में काउंसिलिंग कक्ष, आश्रय गृह, रसोई कक्ष, प्रबंधक कक्ष का जायजा लिया।
सीएचसी हर्रैया व कप्तानगंज पीएचसी के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं पाए जाने पर नाराजगी जताई और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कप्तानगंज में आलोक कुमार पांडेय, पवन कुमार शुक्ला एवं प्रदीप कुमार पांडेय बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए जाने पर स्पष्टीकरण लेने निर्देश दिए।