ट्रेन के इंतजार में बस्ती रेलवे स्टेशन पर बैठे यात्री।संवाद
बस्ती। दिल्ली-मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। नियमित चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से सोमवार से दिल्ली-मुंबई के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-बस्ती के रास्ते दिल्ली-मुंबई की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब काफी राहत मिलेगी। यात्रियों की मांग पर रेलवे प्रशासन ने मुंबई के लिए ट्रेन संख्या 05587 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष ट्रेन सात और नौ दिसंबर को चलाने का निर्णय लिया। यह ट्रेन गोरखपुर से 23:25 बजे प्रस्थान करेगी जो बस्ती, गोंडा, गोमती नगर, बादशाह नगर, कानपुर सेंट्रल, झांसी के रास्ते लोकमान्य तिलक को जाएगी।
जबकि ट्रेन संख्या 05588 वापसी में नौ दिसंबर को लोकमान्य-तिलक टर्मिनस गोरखपुर विशेष ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस रेलवे स्टेशन से सुबह 11 बजे प्रस्थान करेगी, जो इसी रास्ते से गोरखपुर आएगी। इसी तरह दिल्ली जाने के लिए ट्रेन संख्या 05591 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल विशेष ट्रेन सात दिसंबर को 18 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी, जो खलीलाबाद के रास्ते बस्ती स्टेशन पर 19:22 बजे पहुंचेगी।
यह ट्रेन गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद के रास्ते आनंद विहार के लिए जाएगी और वापसी में इसी रास्ते से गोरखपुर आएगी।