बस्ती। मकर संक्रांति पर्व पर प्रयागराज माघ मेले में स्नान करने जाने वाले श्रद्धालुओं को इस बार बड़ी सहूलियत दी गई है। भीड़ और परिवहन की परेशानी को देखते हुए बस्ती रोडवेज डिपो ने विशेष बस सेवा की भी व्यवस्था की है।
13 से 16 जनवरी तक बस्ती डिपो से प्रतिदिन 10 अतिरिक्त बसें प्रयागराज के लिए चलाई जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को सीधी और सुगम यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। बस्ती डिपो से वर्तमान में 103 निगम और 34 अनुबंधित बसें संचालित की जा रही हैं। इसी बेड़े से विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए इन बसों को अतिरिक्त शिफ्ट में चलाया जाएगा।
एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि मंगलवार से बस्ती डिपो से प्रयागराज के लिए 10 विशेष बसों का नियमित संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। बताया कि अभी दो से चार बसें ही भेजी जा रही हैं।
विशेष बसों का संचालन सुबह से देर रात तक किया जाएगा, ताकि यात्रियों को लौटने में भी किसी तरह की असुविधा न हो। 14 व 15 जनवरी को प्रयागराज में दूसरा संगम स्नान पर्व है। ऐसे में जनपद और आसपास क्षेत्रों से श्रद्धालु बस्ती डिपो की बस से प्रयागराज जाते हैं।