महराजगंज। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन के समर्थन में समाजवादी पार्टी (लोहिया वाहिनी) के राष्ट्रीय सचिव एवं हर्रैया विधानसभा प्रभारी इंजीनियर प्रवीण पाठक ने सोमवार को एसडीएम हर्रैया को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करने व पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
प्रवीण पाठक ने कहाकि जंतर-मंतर पर संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ बल प्रयोग किया गया। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने की घटना को भी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया गया। इंजीनियर प्रवीण पाठक ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को संविधान ने दिया है।
ऐसे में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और कार्रवाई अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रहार है। उन्होंने राष्ट्रपति से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग की। संवाद