बनकटी पीएचसी गेट पर धमाचौकड़ी मचातें बंदर-संवाद
बनकटी। ब्लॉक मुख्यालय सहित क्षेत्र के पीएचसी, देवमी, सजनाखोर, खरवनिया, कड़सरी, बखरिया, गंगौरी, खैराटी, कनेहटी आदि गांवों में बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। पलक झपकते ही घरों दुकानों में घुसकर कपड़े व अन्य सामान उठा ले जाते हैं। बंदरों का झुंड लोगों को काटने के लिए दौड़ा लेता है। परेशान ग्रामीणों ने बंदरों को पकड़वाने की मांग की है। ब्लाॅक मुख्यालय आए रविचंद पांडेय, सियाराम शुक्ला, राम तौल चौधरी ने बताया कि बगैर डंडे के ब्लॉक के अंदर नहीं जा सकते, बंदर दौड़ा ले रहे हैं।
वहीं ग्रामीण ललिता, गीता शुक्ला ने बताया कि बंदरों की वजह से घर की छतों पर सामान नहीं रखते हैं और घर के आंगन में ही कपड़े सुखाते हैं। बंदरों के आतंक से बच्चों का बचपन घर में कैद हो गया है। खंड विकास अधिकारी भवानी प्रसाद शुक्ल ने बताया कि संबंधित विभाग को पत्र लिखकर बंदरों को पकड़वाने के लिए कहा जाएगा। संवाद