तीन मजदूरों की मौत की हकीकत जानने मौके पर पहुंचे प्रभारी एसपी
बस्ती। फोरलेन पर बेकाबू ट्रक की चपेट से तीन मजदूरों की मौत का मामला दूसरे दिन भी सुलझ नहीं सका। हकीकत जानने के लिए प्रभारी एसपी रवींद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ हर्रैया व एसओ के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया कि बुधवार रात ढाबे पर हुए विवाद और रास्ते की घटना की सच्चाई क्या है ? मगर ट्रक चालक या उसके मालिक का पता नहीं चल सका।
प्रभारी एसपी ने संसारीपुर के ढाबे के कर्मचारियों का बयान लिया। हादसे से पहले ट्रक चालक व मजूदरों में ढाला के रकम को लेकर इसी ढाबे पर विवाद हुआ था। कर्मचारियों ने उन्हें पूरा वाकया बताया, जितना उन सबने देखा और सुना था। बिहरा मोड़ के पास दुर्घटना स्थल पर जाकर प्रभारी एसपी ने आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की। उनका कहना है कि पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कप्तानगंज थानाक्षेत्र धर्मसिंहपुर गांव के गुड्डू, लल्लन और कनिकराम की बुधवार की रात ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। घटना में विकास और जंगबहादुर को लोहे के रॉड से पीटकर घायल कर दिया गया था। बृहस्पतिवार की देर शाम तीनों शव का पेंदाघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
आढ़ती के गोदाम पर पहुंचे एसडीएम
हर्रैया के एसडीएम (प्रशिक्षु) विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार की देर शाम हसीनाबाद बाजार में स्थित आढ़तिया के गोदाम की जांच-पड़ताल की। एसडीएम को आढ़तिया ने बताया था कि उसने चावल ट्रक से उतरवाया था। इस मामले में आढ़तिया से दो घंटे पूछताछ की गई, मगर एसडीएम ने कुछ भी बताने से इंकार किया।
घायल पल्लेदार ने बयां की आपबीती
हादसे में घायल पल्लेदार विकास ने बताया कि ट्रक चालक ने कुचलने के बाद उन लोगों को सरिया से पीटा था। शुक्रवार शाम घटना का प्रत्यक्षदर्शी पल्लेदार विकास जैसे ही घर पहुंचा ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद हर्रैया पुलिस भी घटनाक्रम की जानकारी लेने पहुंच गई। एसआई राहुल गुप्ता से विकास ने बताया कि ढाबे पर रकम के लिए विवाद हुआ था। उसके बाद सभी लोग पैदल आ रहे थे। ट्रक चालक ने सड़क के किनारे पांचों को कुचलने के लिए गाड़ी मोड़ दी। तीन लोग पहिए के नीचे आ गए। तीनों की तुरंत मौत हो गई थी। विकास के मुताबिक बच गए लोगों को चालक ने रॉड से पीटा, जिससे दो लोग बेहोश हो गए थे।