सऊदी अरब में फंसे सत्य नारायण यादव के परिजन। संवाद
नगर बाजार (बस्ती)। जिले के 13 युवक सऊदी अरब में परेशानी के बीच जीवनयापन कर रहे हैं। अपने घर से पैसे मंगा रहे हैं, क्योंकि उन्हें खाने के लिए भी तरसना पड़ रहा है। इसमें एक नगर बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम भटहा निवासी सत्य नारायण यादव भी हैं।
वह एक साल पहले एजेंट को 70 हजार रुपये देकर सऊदी अरब गए थे, मगर अब न नौकरी है और न ही रुपये। भूख, बेरोजगारी और बेबसी के बीच वह वीडियो जारी कर वतन वापसी के लिए मदद की गुहार लगा रहे हैं।
भटहा निवासी सत्य नारायण यादव का वीडियो जब घर आया तो उनका परिवार परेशान हो गया। सत्य नारायण को वीडियो में यह कहता सुना जा सकता है कि वह अलीसार कंपनी में काम करता था। कंपनी बंद हो चुकी है। चार माह से उसे वेतन नहीं मिला है, जो रुपये कमाए थे, वह भी खर्च हो गए हैं। ऐसे में खाने के लाले पड़ गए हैं। उसकी यह बात सुनकर परिवार वालों की आंखें छलक आईं। अब वे सत्य नारायण की वतन वापसी के लिए गुहार लगा रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार ही मदद कर पाएगी।
घर पर उनके पिता रामजीत यादव, माता फूलपत्ती यादव, बड़ी बहन शिमला और छोटी बहन अंशी हैं। अंशी कक्षा छह की छात्रा है। कमाई बंद होने से परिवार को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पिता का कहना है कि बेटे इस उम्मीद से सऊदी अरब गया था कि घर की आर्थिक स्थिति मजबूत हो जाएगी, मगर नई मुसीबत खड़ी हो गई है। उन्होंने बताया कि कर्ज लेकर बेटे को भेजा था, अब तक कर्ज की रकम भी चुकता नहीं हो पाई है। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर बेटे को सुरक्षित स्वदेश वापस लाने और एजेंट व संबंधित कंपनी पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की है।