सिपाही के साथ मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज
गौर(बस्ती)। बैंक सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल अशोक कुमार चंद्र के साथ बैंक के अंदर मारपीट करने के मामले में सिपाही की तहरीर पर थानाक्षेत्र के रेहरवा शुक्ल निवासी सच्चिदानंद शुक्ल उर्फ सोनू के खिलाफ सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट करने व कार्य में बाधा डालने सहित कई धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
गौर थाने पर तैनात हेड कांस्टेबल अशोक कुमार चंद्र व महिला सिपाही संध्या गुप्ता कस्बे में स्थित एसबीआई की शाखा गौर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 17 जुलाई की दोपहर में सच्चिदानंद शुक्ल बैंक के अंदर फील्ड अफसर के पास गए, जहां पर फील्ड अफसर नहीं थे। इसके बाद वह लौटे। बार-बार बैंक के अंदर आने-जाने पर सुरक्षा में तैनात सिपाही अशोक कुमार चंद्र ने संदेह जताते हुए रोकने की कोशिश की, तभी युवक नाराज होकर महिला सिपाही से डंडा छीनकर हमला बोल दिया। इससे हेड कांस्टेबल का सिर फट गया। इस घटना से बैंक के अंदर अफरातफरी मच गई। घायल सिपाही को आननफानन में आसपास के लोगों ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वरिष्ठ उप निरीक्षक जगन्नाथ यादव ने बताया कि बैंक ड्यूटी के दौरान सिपाही के ऊपर युवक ने डंडा से हमला बोला है, जिससे वह घायल हो गए हैं। सिपाही की तहरीर पर पुलिस के साथ मारपीट करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके पहले भी युवक के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।