संवाद न्यूज एजेंसी बभनान (बस्ती)। फ्लिपकार्ट के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बुधवार की रात मालगाड़ी के सामने आकर जान दे दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया। 30 लाख रुपये के पैकेज पर नौकरी कर रहे साॅफ्टवेयर इंजीनियर की आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी। बेटे की खुदकुशी से परिवार के लो अवाक हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात बभनान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के पश्चिमी छोर पर मालगाड़ी अप लाइन से रन थ्रू गुजर रही थी। अचानक 35 वर्षीय युवक ट्रेन के आगे कूद गया। उसका शरीर क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्टेशन मास्टर बभनान ने इसकी सूचना जीआरपी मनकापुर को दी।
मौके पर पहुंचे जीआरपी चौकी प्रभारी मनकापुर राम समुझ सरोज ने युवक की जामा तलाशी कराई तो उसके पास यात्रा संबंधी कोई टिकट आदि नहीं मिला। सोशल मीडिया के जरिये शव के शिनाख्त का प्रयास शुरू किया गया।
बृहस्पतिवार की सुबह गोंडा जनपद के खोड़ारे थाना क्षेत्र के तिलया गांव निवासी गयादीन गुप्ता व अन्य ग्रामीणों ने मनकापुर पहुंच कर शव की शिनाख्त अपने मंझले भाई लोचन गुप्ता (35) पुत्र राम शंकर गुप्ता के रूप में की। परिवार के लोगों को इसकी सूचना मिली तो पिता राम शंकर गुप्ता, मां चंद्रावती, बड़े भाई बेचन गुप्ता का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
चचेरे भाई ने बताया कि लोचन गुप्ता ट्रिपल आईटी व बीटेक की पढ़ाई कर बंगलूरू में फ्लिपकार्ट कंपनी में 30 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर तैनात था।
कुछ दिन पहले घर आया था और खुद का एजुकेशन प्लेटफार्म लॉन्च करना चाह रहा था। बभनान जीआरपी चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारी मनकापुर ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया है।ल