बस्ती। ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्यों के सत्यापन के लिए सोशल ऑडिट टीम के सदस्यों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया है। प्रशिक्षित टीम के सदस्य सोशल ऑडिट करेंगे।
हर ग्राम पंचायत में हर वित्तीय वर्ष की साल में एक बार सोशल ऑडिट की जाती है। इसे ब्लाॅक स्तर पर तैनात सोशल कोऑर्डिनेटर और चार सदस्यीय सोशल ऑडिट टीम के सदस्यों के साथ चार कार्य दिवस में पूरा करते हैं। इधर, सोशल ऑडिट शुरू हो गई है, लेकिन बहादुरपुर, सदर, गौर व सल्टौआ गोपालपुर समेत विभिन्न ब्लाॅकों में 45 सोशल ऑडिट टीम के सदस्य साल भर पहले चयनित तो हो गए थे, लेकिन वह प्रशिक्षित नहीं हो सके थे। इससे सोशल ऑडिट का कार्य प्रभावित हो रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह ने जिला समन्वयक रामप्रकाश को इन्हें प्रशिक्षित कराने के निर्देश दिए थे।
जिला ग्राम्य विकास संस्थान के सभागार में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. विजय प्रताप यादव, मुकेश कुमार, वरिष्ठ प्रशिक्षक निरंकार लाल श्रीवास्तव और प्रशिक्षक महेश चंद्र पांडेय ने सदस्यों को सोशल ऑडिट की बारीकियां बताईं। ड्राफ्ट प्रतिवेदन भरने के तौर तरीके सिखाए। बताया कि यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण 17 मई तक चलेगा। साथ ही 16 मई को सभी सदस्य जिले के एक ग्राम पंचायत में पहुंच कर स्थलीय प्रयोग का प्रशिक्षण लेंगे। उसके बाद यह अपने ब्लाॅकों में ऑडिट शुरू कर देंगे। इस मौके पर बृजेंद्र कुमार, जयप्रकाश श्रीवास्तव, विकास दूबे विकास और अखिलेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।