मुंडेरवा क्षेत्र के परसा मुजहना के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडेरवा। हरियाणा में बनी अंग्रेजी शराब से भरी कार फोरलेन पर मुंडेरवा थाना क्षेत्र के परसा मुजहना गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो कार में 343 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। आसपास किसी के मौजूद न होने से अनुमान लगाया जा रहा है कि तस्कर दुर्घटना के बाद कार छोड़कर भाग गए होंगे।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली का नंबर लिखी सफेद रंग की होंडा सिटी कार की परसा मुजहना गांव के पास किसी वाहन से टक्कर हो गई। इसके बाद कार सड़क के किनारे पलट गई। कार में सवार तस्कर कार छोड़कर फरार हो गए। थाना प्रभारी द्वारिका प्रसाद चौधरी ने बताया कि सोमवार की रात करीब एक बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि गोरखपुर की तरफ जा रही एक कार की दुर्घटना हो गई है। मौके पर पहुंचने पर कार में कोई नहीं मिला। तलाशी लेने पर 343 शीशी हरियाणा राज्य निर्मित शराब की 250 एमएल, 500 एमएल और 750 एमएल की 343 बोतलें मिलीं। नंबर के आधार पर कार के मालिक की पहचान करने का पुलिस प्रयास कर रही है।