बस्ती शहर में लगे एटीएम धीरे-धीरे नोट उगलने लगे हैं। हालांकि अभी भी 80 प्रतिशत एटीएम कैशलेस हैं। मगर 20 प्रतिशत एटीएम के चालू होने से लोगों को थोड़ी राहत तो जरूर मिली है।
लगातार बंद चल रहे अरबन कोआपरेटिव बैंक के एटीएम ने भी काम करना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं आईसीआईसीआई और एक्सिस बैंक के एटीएम भी धीरे धीरे शुरू हो रहे हैं। शनिवार की रात में शहर के कई एटीएम चालू हुए। रविवार को भी शहर में कई एटीएम पर भीड़ रही। लगातार सेवाएं देने वाला कंपनी बाग और रोडवेज तिराहा स्थित एचडीएफसी का एटीएम रविवार को भी चालू रहा। हमेशा की तरह उस पर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। रोडवेज तिराहे के पास एसबीआई का एटीएम, ओरियंटल बैंक आफ कामर्स का एटीएम, जिला अस्पताल के निकट स्थापित यूनियन बैंक आफ इंडिया का एटीएम बंद रहा। कंपनीबाग स्थित एसबीआई की कोर्ट एरिया शाखा का एटीएम बंद रहा।
कटरा और गांधीकला भवन के पास स्थित एसबीआई के एटीएम का भी यही हाल रहा। पीएनबी का फौव्वारा तिराहा स्थित एटीएम कई दिन से लगातार बंद चल रहा है। एपीएन पीजी कॉलेज के पास स्थित सेंट्रल बैंक का एटीएम बंद रहे। आईसीआईसीआई का कंपनीबाग, गांधीनगर, कटरा स्थित एटीएम चालू रहा। कंपनी बाग स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम चालू रहा तो आंध्रा बैंक का बंद रहा। न्याय मार्ग स्थित यूनियन बैंक का एटीएम बंद रहा तो अरबन कोआपरेटिव बैंक का एटीएम चालू रहा। सल्टौआ प्रतिनिधि के अनुसार एसबीआई सल्टौआ में लगा एटीएम बंद रहा।
बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार बनकटी कस्बे में स्थित एसबीआई, सिंडीकेट बैंक, लालगंज के सेंट्रल बैंक का एटीएम महीने भर से बंद है। क्षेत्र के रहने वाले रामसकल, अजय शुक्ल, धीरू, पट्टू तिवारी सत्येंद्र ने बताया कि शनिवार से नोट के लिए क्षेत्रीय एटीएमों का चक्कर लगाने के बाद जिला मुख्यालय गया। वहां से भी खाली हाथ वापस आना पड़ा। अब रूपये की व्यवस्था कैसे और कहां से हो समझ में नहीं आ रहा।
बहादुरपुर के नगर बाजार में लगे भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई के एटीएम लंबे समय से कैशलेस है। कुसौरा बाजार में एसबीआई और कलवारी में पीएनबी और पोखरा बाजार में लगे एसबीआई के एटीएम भी रविवार को बंद नजर आए।