बस्ती। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज बस्ती में एमबीबीएस की 100 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया के पहले चरण की काउंसिलिंग चल रही है। ऑल इंडिया कोटे की 15 सीटों में से अब तक छह छात्र-छात्राओं ने प्रवेश ले लिया है। रविवार को एक अभ्यर्थी ने प्रवेश के लिए अपने अभिलेख पोर्टल पर अपलोड किए हैं। सोमवार को दस्तावेजों की जांच के बाद उसका प्रवेश पूरा कराया जाएगा। प्रथम चरण की काउंसिलिंग का सोमवार को अंतिम दिन है।
मेडिकल कॉलेज के एनएमसी नोडल अधिकारी डॉ. श्याम सुंदर केसरी ने बताया कि ऑल इंडिया कोटे की 15 सीटों पर पहले चरण में प्रवेश प्रक्रिया कराई जा रही है। अब तक छह सीटों पर प्रवेश हो चुका है। रविवार को एक अभ्यर्थी ने अपने अभिलेख पोर्टल पर प्रस्तुत किए हैं। सोमवार को जांच के बाद प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण की काउंसिलिंग के बाद ऑल इंडिया कोटे की जो सीटें रिक्त रह जाएंगी, उनके लिए दूसरे चरण की काउंसिलिंग होगी। मेडिकल कॉलेज की 100 सीटों में 85 सीटें राज्य कोटे के लिए आरक्षित हैं। इन सीटों पर काउंसिलिंग की तिथि अभी निर्धारित नहीं हुई है। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि ऑल इंडिया कोटे की शेष नौ सीटों पर भी पहले चरण में प्रवेश हो जाएगा।
-
आठवें बैच में होगा प्रवेश
महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2019 से एमबीबीएस की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस वर्ष कॉलेज में एमबीबीएस के आठवें बैच में प्रवेश लिया जाएगा। ओपेक चिकित्सालय कैली में छात्रों की प्रैक्टिकल कक्षाएं और रामपुर स्थित एकेडमिक भवन में पढ़ाई संचालित होती है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, अब तक दो बैच के 200 एमबीबीएस छात्र पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। तीसरे बैच के 100 छात्रों की इंटर्नशिप चल रही है।