बस्ती। कोडीनयुक्त कफ सिरप के खेल में ड्रग विभाग ने हाथ खड़े कर लिए हैं। उसका कहना है कि विभाग ने अपनी भूमिका निभा दी है। एफआईआर भी दर्ज करा दी हैं। अब सारी जांच पुलिस के हाथ में है। इस काले धंधे में शामिल धंधेबाजों को सलाख के पीछे पुलिस ही पहुंचाएगी।
उधर, पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फरार गणपति फार्मा के संचालक की गिरफ्तारी के लिए एसपी अभिनंदन ने पांच सदस्यीय एसआईटी गठित कर दी गई। सूत्र बताते हैं कि गणपति फार्मा ने करीब दो करोड़ रुपये की कोडीनयुक्त कफ सिरप का कारोबार किया है।
गणपति फार्मा के साथ छह फर्मों पर अब तक एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। इनमें से एक फर्म पर करीब एक महीने पहले एफआईआर दर्ज कराया गया था। एक दर्जन से अधिक मेडिकल स्टोरों को निगरानी पर रखा गया है। सूत्र बताते हैं कि गणपति फार्मा के संचालक का मोबाइल फोन लगातार बंद जा रहा है।
इसके अलावा पुलिस ने उसके परिवार और कुछ रिश्तेदारों के भी मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा रखे हैं, मगर संचालक भी कम होशियार नहीं है। फरारी के दौरान उसने परिवार और रिश्तेदारों से एकदम से दूरी बना रखी है। यही वजह है कि वह पुलिस के चक्रव्यूह में नहीं फंस पा रहा है।
उधर, ड्रग्स इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि विभाग की तरफ से एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। अब पूरा मामला पुलिस के हाथ में है।