क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण करने जाते प्रमुख सचिव।
- फोटो : BASTI
प्रमुख सचिव को को देख बोले मजदूर,24 दिन हो गए अब तो घर भिजवा दीजिए
हर्रैया(बस्ती)। कोरोना महामारी से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से किए गए कार्यों का हाल जानने के लिए प्रमुख सचिव (श्रम) सुरेश चंद्रा को जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वह लगातार स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। मंगलवार को सचिव ने तहसील में बने कंट्रोल रूम, क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण किया।
उन्होंने सरकार की गाइडलाइन के अनुसार राशन कार्ड बनाने, जरूरतमंदों तक पहुंच रही मदद के बारे में पूछताछ की। क्वारंटीन सेंटर में लोगों की उपस्थिति के बारे में उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेमप्रकाश मीणा से पूछा। यहां से निकलने के बाद वे कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया । यहां 58 बिहार के मजदूरों को 24 दिन से रखा गया है। सभी मजदूर लॉकडाउन के बाद आगरा से बिहार जाते वक्त हर्रैया पहुंचने पर यहां क्वारंटीन किए गए हैं। सभी ने प्रमुख सचिव से घर भिजवाने की मांग की। सचिव ने रसोईघर को भी देखा। भदावल के सावित्री देवी इंटर कॉलेज में दो दिन पहले पहुंचे अन्य प्रदेश से आए श्रमिकों का भी हालचाल लिया। यहां मौजूद डॉक्टरों ने प्रमुख सचिव की थर्मल स्क्रीनिंग भी की।