संवाद न्यूज एजेंसी
महादेवा। साहब मैं जिंदा हूं... मेरे साथ न्याय करें। यह कहना विकास खंड बनकटी के सजना खोर निवासी गायत्री देवी का है। उसे मृतक बताकर वृद्धा पेंशन रोक दी गई है। गायत्री ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से अपनी पेंशन बहाल करने की मांग की है।
गायत्री देवी पत्नी रामकेश बनकटी ब्लाॅक के गेट के सामने रहती हैं। उनका आरोप है कि उन्हें अपात्र एवं मृतक बताकर वृद्धा पेंशन रोक दी गई। गायत्री के पति रामकेश बताते हैं कि मई 2022 में वृद्धा पेंशन के सत्यापन के दौरान वृद्धा पेंशन रोकी गई थी।
जानकारी मिलने पर गायत्री ने जिला समाज कल्याण अधिकारी बस्ती एवं निदेशक समाज कल्याण अधिकारी लखनऊ को एक शिकायती पत्र दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बीडीओ बनकटी को जांच कर आख्या देने को कहा था। मगर, ब्लॉक से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई। ऐसे में जीवित गायत्री देवी ने पेंशन की बहाली की मांग करते हुए कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
खंड विकास अधिकारी बनकटी भवानी प्रसाद शुक्ल ने बताया कि इस विषय पर कोई भी जानकारी नहीं दे पाएंगे। इसकी जांच कराई जाएगी। इस संबंध में एडीओ पंचायत समाज कल्याण विकास खंड बनकटी राजन चौधरी ने बताया कि कुछ खामियों की वजह से पेंशन रुकी हुई थी। डाटा फीड हो जाएगा। केवाईसी कराने के बाद पेंशन चालू हो जाएगी।