संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बिना सीजन के सोने-चांदी के बढ़ते भाव ने सराफा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। उन्हें बाजार प्रभावित होने की चिंता सता रही है। पिछले 15 दिनों में 24 कैरेट सोने का भाव तीन हजार रुपये प्रति दस ग्राम बढ़ा है।
जबकि चांदी छह हजार रुपये किलो उछल कर एक लाख पार पहुंच गया। भाव में इजाफा ने सोने-चांदी के खरीदारों का बजट बिगाड़ दिया है। बाजार में हल्के वजन और 18, 20 कैरेट के आभूषण की मांग बढ़ गई है।
सहालग का सीजन करीब है। जिन लोगों ने अपने पुत्र-पुत्रियों की शादी तय कर रखी है, उन्हें चिंता सताने लगी है। ऐश्प्रा के प्रबंधक शशांक के मुताबिक, सोने चांदी के भाव बढ़ने से व्यापार प्रभावित हुआ है। ग्राहक हार, कंगन, टीका, रिंग, पायल, पाजेब आदि हल्के वजन के पसंद कर रहे है। भाव में तेजी के अंतरराष्ट्रीय कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।
हालांकि, यह स्थिति सोने-चांदी में निवेश के लिए लोगों को आकर्षित करने वाला है। जबकि आम ग्राहक की बजट पर असर पड़ रहा है। इससे ग्राहक बाजार से कट सकते हैं।