बस्ती। खेल निदेशालय एवं क्षेत्रीय खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम परिसर में आयोजित विविध खेल प्रतियोगिताओं का बुधवार को समापन हुआ। मुख्य अतिथि मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) कृति प्रकाश भारती ने विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। बुधवार को बॉस्केटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में श्रीराम पब्लिक स्कूल और हैंडबाल के फाइनल मुकाबले में स्टेडियम- ए की ओवरऑल चैंपियन बनी।
मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अहम हिस्सा होना चाहिए। इससे न सिर्फ शारीरिक एवं मानसिक स्वस्थता मिलती है बल्कि हमें टीम भावना के साथ काम करने की सीख भी हासिल होती है। हार- जीत खेल का हिस्सा है। हार से निराश नहीं होना चाहिए। हार का मतलब दोगुने उत्साह से आगे बेहतर प्रदर्शन करना होता है। उन्होंने खिलाडि़यों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बॉस्केटबाल का फाइनल मुकाबला श्री राम पब्लिक स्कूल व दविस्ट क्लब के बीच खेला गया। इसमें 58- 10 के भारी अंतर से राम स्कूल पब्लिक स्कूल की टीम विजयी घोषित हुई। विजेता टीम के विवेक ने 18 अंक तथा राहुल ने 16 अंक का योगदान दिया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में पंकज चौधरी, अभिलाष, वंदना सिंह, पिंकी गुप्ता आदि ने अहम भूमिका निभाई।
हैंडबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला स्टेडियम- ए बनाम स्टेडियम- बी के बीच खेला गया। स्टेडियम- ए की टीम 6- 2 अंकों के अंतर से करारी शिकस्त देकर विजेता बनी। विजेता टीम की मान्या ने 03 गोल, प्रतिमा ने 02 गोल एवं अमृता ने 1 गोल किया। रसिद अहमद, कृष्णा अनुज, अनुराग कुमार आदि प्रतियोगिता सफल बनाने में महती भूमिका निभाई। इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार, प्रमोद कुमार जायसवाल, विकास सोनकर, राखी कुशबाला आदि मौजूद रहे।