जिले के एक भी सहायक विकास अधिकारी पंचायत नियमानुसार कार्य नहीं कर रहे हैं। आदेश और निर्देशों के बावजूद शासनादेश का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके चलते विकास खंडों में चतुर्थ राज्य वित्त आयोग एवं 14वें वित्त आयोग का धन ग्राम पंचायतों में मनमाने तरीके से निकाले जा रहे हैं। प्रिया साफ्टवेयर में कराए गए कार्यों और खर्च किए गए धन का अपलोड नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते विभाग को पता नहीं चल रहा है कि कितना धन किन-किन कार्यों पर खर्च हुआ। डीपीआरओ शिवशंकर सिंह ने इसके लिए सभी 14 लापरवाह एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिन एडीओ पंचायत को नोटिस जारी किया गया, उनमें बस्ती सदर ब्लॉक के घनश्याम मिश्र, कप्तानगंज के कुमार अमरेंद्र, परशुरामपुर के परमात्मा प्रसाद, हर्रैया के आनंद स्वरूप सिंह, बनकटी के रामप्रकाश पांडेय, रुधौली के सहजराम, बहादुरपुर के राममनोहर मिश्र, रामनगर के रामचंद्र वर्मा, कुदरहा के छेदी प्रसाद, सल्टौआ के नवनीत मिश्र, साऊंघाट के शहाबुदीन, गौर के रामतेज वर्मा, विक्रमजोत के परमेश्वर प्रसाद एवं दुबौलिया ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रदीप कुमार श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।