बेखबर हैं जिम्मेदार, कई खंभों पर दिख रहे बिजली के घने तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पूरे शहर में बिजली लाइनों के सहारे निजी कंपनियाें के तार लटक रहे हैं। बिजली निगम के अफसर इससे बेखबर बने हुए हैं। जबकि उनके दफ्तर के करीब में ही कई स्थानों पर खंभों पर घने तार दिख रहे हैं।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह से जब खंभाें से लटकते तारों के बारे में पूछा गया तो वह बोले दिखवाते हैं। शिकायत पर वितरण खंड के तीन अधिशासी अभियंता भी यही जवाब देते हैं। दूसरी ओर उच्चाधिकारी बताते हैं कुछ कंपनियां तार लगाने के लिए मुख्यालय में शुल्क जमा करती हैं। यहां किसने जमा किया है, यह जानकारी उन्हें नहीं है। शहर के कंपनीबाग, पक्के बाजार, गांधीनगर, पुरानी बस्ती, मंगलबाजार, दक्षिण दरवाजा, मालवीय रोड पर अधिक खतरा है। यहां तारों का जाल लोगों को परेशान करता है। व्यवसायियों के मालवाहक वाहनों में फंसकर आए दिन तार टूटते हैं। यह फिर वाहन गुजरते समय तारों को बांस या किसी लंबे डंडे से ऊंचा करना पड़ता है। हालात यह है कि पैदल चलने वाले हाथ ऊपर करेंगे तो तार छू जाएंगे।