कांवेंट स्कूलों की तर्ज पर 209 विद्यालयों को हाईटेक बनाने की चल रही तैयारी
2208 शिक्षकों की कमी शुरुआत में ही बनी चुनौती, विभाग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कांवेंट स्कूलों से प्रतिस्पर्धा की दौड़ में परिषदीय विद्यालय शिक्षकों की कमी के चलते पीछे हो जा रहे हैं। इन विद्यालयों को हाईटेक बनाकर स्मार्ट कक्षाओं की संरचना तैयार की जा रही है, लेकिन विभाग के पास पर्याप्त शिक्षक ही नहीं है। कुल 2071 परिषदीय विद्यालय में पंजीकृत 1.75 लाख बच्चों पर 7771 शिक्षकों की जगह महज 5563 शिक्षक की तैनाती है। 2208 शिक्षकों की कमी यहां पहले से है। बहरहाल, जिले के 209 स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाने की कवायद तेज हो गई है।
जिले में कुल 2071 परिषदीय विद्यालयों में 1431 प्राथमिक, 338 उच्च प्राथमिक व 301 कंपोजिट विद्यालय हैं। इन विद्यालयों को हाईटेक बनाने की योजना शुरू कर दी गई है, लेकिन शिक्षकों की कमी इअखर रही है। जिले में दर्जन भर से अधिक ऐसे विद्यालय हैं जहां शिक्षक ही तैनात हैं। केवल शिक्षामित्र के सहारे यह विद्यालय संचालित हो रहे हैं।
वहीं 100 से अधिक विद्यालय एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं। जिले में 7771 शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं। इसके सापेक्ष 5563 शिक्षकों की तैनाती है। इस वजह से तीन-तीन कक्षाओं के संचालन का जिम्मा एक ही शिक्षक को संभालना पड़ रहा है। इसका असर बच्चों के पठन-पाठन पर पड़ रहा है। ऐसे में स्मार्ट क्लास के संचालन में शिक्षकों की कमी आड़े आना तय माना जा रहा है।
...
शिक्षकों की कमी से जूझ रहे यह विद्यालय
जिले के बनकटी ब्लॉक क्षेत्र के सिरौता ,बेलराई, काची डड़वा, इटहर, भरवलिया, फैलवा पंखोवारी, गंगौरी सहित आधा दर्जन से अधिक परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है। यह विद्यालय एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। यही स्थिति जिले के 14 ब्लॉकों के 100 से ज्यादा विद्यालयों में है। जहां एकल शिक्षक के सहारे बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही है।
...
30 बच्चों पर एक शिक्षक का मानक
शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत कक्षा एक से पांच तक की कक्षाओं में 30 बच्चों पर एक शिक्षक की तैनाती होनी चाहिए। इसी तरह कक्षा 6 से 8 के विद्यालयों में 35 बच्चों पर एक शिक्षक होना चाहिए। मगर, शिक्षकों की कमी के चलते अधिकतर विद्यालयों में यह मानक पूरा नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा तैनात शिक्षकों पर अध्यापन कार्य के अलावा अन्य विभागीय जिम्मेदारियों का भी बोझ है।
...
कोट
जिले में 5563 शिक्षकों के अलावा 1806 शिक्षामित्र भी तैनात है। इनसे बेहतर शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। शासन स्तर से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने पर शिक्षको की कमी दूर हो जाएगी।
-अनूप कुमार, बीएसए