फुटपाथ पर सजती हैं दुकानें, राहगीर परेशान
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। बस्ती शहर में फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लिया गया है। कई जगहों पर दुकानदार अतिक्रमण कर सामान रख देते हैं वहीं खाली जगह पर वाहनों की पार्किंग कर दी जाती है। इसके चलते मुख्य मार्गों पर आए दिन जाम की समस्या पैदा हो रही है।
रोडवेज से स्टेशन मार्ग पर फुटपाथ पर ही दुकानें सजी दिखेंगी। यही नहीं, फुटपाथ पर ही वाहनों की पार्किंग भी की जाती है। इसके चलते लोगों को आए दिन लग रहे जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। फुटपाथ पर अतिक्रमण के चलते पैदल चलने वालों को भी दिक्कत होती है। मजबूरन सड़कों पर आवागमन करते हैं। कमोवेश मंगल बाजार रोड का भी यही हाल है। यहां भी सड़क की दोनों पटरियाें पर तमाम दुकानदारों का अतिक्रमण रहता है। इसके चलते राहगीर अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। दक्षिण दरवाजा पुलिस चौकी से होकर जिला अस्पताल को जाने वाली सड़क की पटरियों का भी यही हाल है। इस मार्ग पर तो फुटपाथ दिखेगा ही नहीं, क्योंकि किसी ने बाकायदा झोपड़ी डाल रखी है तो कई ने अपनी दुकानें सजा रखी है। अस्पताल से रोडवेज की ओर जाने वाली सड़क की स्थिति तो और भी खराब है। यहां बड़े दुकानदार अपने सामानों को फुटपाथ पर ही रखे रहते हैं। रही सही कसर विद्युत निगम की ओर से पूरी कर दी गई है। जिला अस्पताल से कुछ ही दूरी पर फुटपाथ पर ही निगम की ओर एक बड़ा ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। कई जगह विद्युत पोल भी गड़े हुए हैं। सड़क की पटरियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नगर पालिका व प्रशासन की ओर से कई बार अभियान चलाया गया, लेकिन अभियान के बाद पटरियों पर फिर से अतिक्रमण हो गया। नगर पालिका की अध्यक्ष रूपम मिश्र का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। सड़क की पटरियों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए तैयारी की जा रही है।