बभनान। गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के फुलवापुर चौराहे पर रविवार की शाम हुए गोलीकांड के मामले में छपिया पुलिस सक्रिय हो गई है। इस मामले में बस्ती जिले के सीमावर्ती थाना गौर पुलिस की भी मदद ली जा रही है। अगले दिन पुलिस की टीमें दिन भर बदमाशों का पता लगाने में जुटी रही। इस दौरान कई जगहों पर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं।
वहीं गोलीकांड में घायल बभनान कस्बे के निवासी समर कसौधन ने अगले दिन छपिया थाना में पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध लूट व हत्या के प्रयास की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार भ्रमण कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। घायल समर के अनुसार वह बभनान कस्बे से सटे गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के सिसई रानीपुर गांव में ज्वेलर्स व बर्तन की दुकान करते हैं।
रविवार को दुकान बंद करने के बाद वह बभनान स्थित अपने घर जा रहे थे। कस्बे के निकट फुलवापुर चौराहे के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक कर जेवरात से भरे बैग को छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। समर के दाएं हाथ को चीरते हुए एक गोली निकल गई। एक गोली पेट को छूकर निकल गई। इसके बाद बदमाश असलहे के बट से सिर पर भी प्रहार किए। लोगों ने उन्हें सीएचसी छपिया पहुंचाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अयोध्या के लिए रेफर कर दिया गया। समर की हालत गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल पर रात में ही एसपी गाेंडा, एएसपी, सीओ मनकापुर सहित बड़ी संख्या बस्ती और गाेंडा की पुलिस पहुंची। थानाध्यक्ष छपिया प्रबोध कुमार ने बताया कि बदमाशों की तलाश पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं।