बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के भीटामाफी गांव में दो दिनाें से जश्न का माहौल हैं। यहां के रहने वाले देवनाथ पांडेय के बेटे शिवेंद्र पांडेय को दूसरी बार संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में उन्हें सफलता मिली है। इस बार उन्हें देश भर में 110 वां रैंक हासिल हुआ है। इसके पहले 2024 में भी उन्होंने यह परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वर्तमान में वह सूचना प्रसारण विभाग में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर तैनात हैं।
वर्ष 2025 की यूपीएससी परीक्षा में 110 वां रैंक मिलने पर शिवेंद्र के गांव में खुशी का माहौल है। उनके पिता साधारण किसान और माता प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। शिवेंद्र शुरू से ही होनहार रहे। बस्ती में एक निजी विद्यालय के हॉस्टल में रहकर इंटरमीडिएट तक पढ़ाई किए। ऑल इंडिया में शिवेंद्र को 110 वीं रैंक मिलने पर उनके घर शुभचिंतकों, रिश्तेदारों और गुरुजनों का तांता लगा हुआ है। लोग शिवेंद्र और उनके माता पिता को बधाई दे रहे हैं। शिवेंद्र के इंटरमीडिएट स्तर के स्कूल के प्रबंधक कैलाश नाथ दुबे ने उनके घर पहुंचकर उनका माल्यार्पण किया।