पोखरे में डूबने से भेड़ पालक की मौत
पैकोलिया। भेड़ों की रखवाली करने गए पैकोलिया थाना क्षेत्र के भौखरी गांव निवासी व्यक्ति की पोखरे में डूबने से मौत हो गई।
भौखरी गांव के निवासी 55 वर्षीय रामउग्रह पाल शुक्रवार शाम को खाना खाकर गांव के उत्तर स्थित पोखरे पर अपनी भेड़ों की देखभाल करने जा रहे थे। वहां पर मछली पालन के लिए बने पोखरे में फिसलकर गिर गए। उसमें डूबने से उनकी मौत हो गई।
सुबह जब वह घर नहीं आए तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। पोखरे के पास जाकर देखे तो पानी में उनका शव दिखाई दिया। परिवार के लोग शव निकालकर घर ले आए। उनके बेटे राजितराम पाल ने शनिवार को गांव के पास ही रवई नाले के किनारे दाह संस्कार कर दिया।