बस्ती। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी एवं इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा के दौरान किसानों और युवाओं को देर तक झकझोरा। 40 मिनट के उद्बोधन में वह फसल पैदावार, लागत, मुनाफा, नौकरियों के मसले पर सवाल उठाते रहे। बाद में पीडीए के आरक्षण को लेकर भी सरकार की चौतरफा घेराबंदी करते नजर आए।
कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की आय को दोगुनी करने का वादा किया था। लेकिन उनके सभी दावे और नारे झूठ निकले। 10 साल में पैदावार की कीमत दोगुनी होने की जगह लागत बढ़ती गई। सपा सुप्रीमों ने युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा। कहा कि मौजूदा सरकार ने युवाओं को नौकरी, राेजगार से दूर रखा। दूसरे देशों से निवेश होने के दावे किए गए। यूपी इंवेस्टर्स समिट एवं जी- 20 का आयोजन कर बड़े पैमाने पर निवेश कराने के सपने दिखाए गए। इनका निवेश धरातल पर कहीं नहीं दिखा। कहा कि यदि इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो अग्निवीर की नौकरी खत्म होगी। 30 लाख रिक्तियां भी भरी जाएंगी। चुटकी लेते हुए कहा कि उनके अच्छे दिन तो नहीं आए लेकिन, इस बार इंडिया गठबंधन को जीत दिलाकर जनता खुशियों भरा दिन जरूर लाए। कहा कि पीडीए परिवार के साथ इस सरकार ने धोखा किया है। विश्वविद्यालयों की नौकरियों में आरक्षण का पालन नहीं हुआ है। बाबा साहब के संविधान को बचाने का यह समय है। कहा कि हमारी सरकार बनने पर बस्ती की वाल्टरगंज चीनी मिल को चालू कराने के लिए विशेष बजट का इंतजाम कराया जाएगा।