बस्ती। 12वीं के बाद एलएलबी की पढ़ाई करने वाले युवाओं को जुलाई तक इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, जिले के एपीएन पीजी कॉलेज में एलएलबी की पढ़ाई होती है। नए सत्र में शुरु करने के लिए अभी तक महाविद्यालय को बार काउंसिल से मान्यता नहीं मिल पाई है। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों को प्रवेश के लिए अभी इंतजार करना होगा।
महाविद्यालय के एलएलबी विभागाध्यक्ष एसपी सिंह ने बताया कि हर सत्र में एलएलबी कार्यक्रम में प्रवेश लेने से पहले बार काउंसिल से मान्यता लेनी पड़ती है। यह प्रक्रिया पूरी करने में थोड़ा समय लगता है। जून अंत तक या जुलाई के प्रथम हफ्ते में मान्यता मिल जाएगी। इसके बाद प्रवेश के लिए फॉर्म का वितरण शुरु किया जाएगा। बताया कि महाविद्यालय में एलएलबी में 160 सीटें हैं। जिन पर मेरिट के आधार पर प्रवेश लिया जाता है। प्राचार्य अभय प्रताप सिंह ने बताया कि अन्य कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन व फॉर्म वितरण चल रहा है। बताया कि बीए में 720, बीकॉम में 160 और एमए में 350 सीटें हैं। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर सभी में प्रवेश चल रहा है।