नगर बाजार (बस्ती)। यौन शोषण की शिकार 12 वर्षीय बालिका के छह माह के गर्भवती होने के मामले में पुलिस ने शनिवार को एफआईआर दर्ज कर नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया। परिवार वालों को इस बात की जानकारी शुक्रवार को तब हुई, जब वे बेटी के पेट में अचानक तेज दर्द उठने पर डॉक्टर के पास ले गए।
घटना नगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी नाबालिग बेटी का गांव का ही एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़का यौन शोषण करता था। बेटी डर और सामाजिक दबाव के कारण काफी समय तक घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बता सकी। समय बीतने के साथ उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई, मगर वास्तविक कारण की जानकारी नहीं हो सकी।
शुक्रवार को जब बेटी के पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा तो उसे डॉक्टर के पास लेकर गए। जांच के दौरान डॉक्टर ने बताया कि वह करीब छह माह की गर्भवती है। यह सुनते ही तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानेदार विश्व मोहन राय पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और घटना के संबंध में प्राथमिक जांच की।
उन्होंने पीड़िता और परिवार से पूछताछ कर तथ्यों की पुष्टि की। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी नाबालिग पर पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन छानबीन की जा रही है।