बस्ती। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक शनिवार को निर्माणाधीन भवन के सभागार में हुई। इस दौरान सात एजेंडों पर बिंदुवार चर्चा हुई। सदन में वर्ष 2026-27 का मूल बजट 53 करोड़ 16 लाख 26502 रुपये का पेश हुआ। प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। जबकि वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित 87 करोड़ 96 लाख 61500 रुपये बजट का अनुमोदन किया गया।
अधिकारियों एवं जिला पंचायत सदस्यों की मौजूदगी में अध्यक्ष संजय चौधरी की अनुमति से कार्रवाई प्रारंभ की गई। बैठक ठंड की वजह से निर्धारित समय 12 बजे से एक घंटे बाद शुरू हुई। कार्यालय अधीक्षक वीरेंद्र मणि त्रिपाठी ने एजेंडा बिंदु एक के तहत गत बैठक की कार्रवाई पढ़कर सुनाई। इस पर सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया। बिंदु- 02 के अनुसार जिला पंचायत बस्ती का मूल बजट वित्तीय वर्ष 2026-27 एवं पुनरीक्षित बजट वित्तीय वर्ष 2025-26 अनुमोदनार्थ प्रस्तुत किया गया।
सदन में मौजूद ध्वनिमत से वित्तीय वर्ष 2026-27 का मूल बजट 53 करोड़ 16 लाख 26502 रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के 87 करोड़ 96 लाख 61502 रुपये के पुनरीक्षित बजट पर सहमति जताई। इसके बाद इस बजट का अनुमोदन हुआ। वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में गड्ढा मुक्ति अभियान चलाने का प्रस्ताव पेश हुआ। जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा वसूली कर्मचारियों के माध्यम से कराए गए सर्वे के उपरांत संपत्ति एवं भवनकर निर्धारण सूची वर्ष 2025-26 को यथावत अनुमोदित किया गया। इस दौरान आयुक्त, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, शासन एवं आईजीआरएस व याचिका समिति के संदर्भ से प्राप्त जनहित प्रस्तावों पर कार्य न कराए जाने का निर्णय लिया गया।
15 वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि में से एक प्रतिशत तकनीकी एवं प्रशासनिक मद की धनराशि शासन को वापस किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने निर्माणाधीन जिला पंचायत सभागार में महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल एवं स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित किए जाने की घोषणा की। इस मौके पर सीडीओ सार्थक अग्रवाल, अपर मुख्य अधिकारी विजय प्रकाश वर्मा आदि मौजूद रहे।