पुलिस ने सोमवार को हाईवे किनारे डुहवा मिश्र गांव के सामने स्थित होटल में वेश्यावृत्ति रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर सीओ संजय सिंह और प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह के नेतृत्व में छापे की कार्रवाई से होटल में अफरातफरी मच गई।
पुलिस टीम ने होटल के कमरों की घेराबंदी कर जांच की तो तीन जोड़े आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि कुल पांच जोड़े कमरों में मौजूद थे। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। सीओ ने बताया कि पकड़े गए तीन जोड़ों और होटल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, होटल छावनी थाना क्षेत्र के मुड़वरा गांव के प्रधान हरिश्चंद्र चौधरी का बताया जा रहा है। पकड़े गए लोगों में एक सरकारी चिकित्सक का नाम भी चर्चा में है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करने से फिलहाल इन्कार किया है।
सीओ संजय सिंह ने बताया कि एक होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। छापे के दौरान कई लोग पकड़े गए हैं। होटल संचालक और तीन युवक-युवतियां हिरासत में हैं। पूछताछ जारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने कहा कि बुकिंग रजिस्टर, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में होटल का उपयोग कुछ महीनों से अनैतिक कार्यों के अड्डे के रूप में किए जाने की जानकारी मिली है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह होटल लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों के कारण चर्चा में था, परंतु पुलिस की कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा है।