बस्ती। सचिवालय और ब्लॉक में नौकरी दिलाने के नाम पर दो अलग-अलग मामलों में सात लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। लालगंज और मुंडेरवा पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला लालगंज थानाक्षेत्र के कनेहटी गांव का है। पीड़ित राधेश्याम ने तहरीर में बताया कि आजमगढ़ निवासी जय सिंह उर्फ चिन्कू ने उन्हें सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि भरोसा दिलाते हुए उसने 22 जुलाई 2024 को डेढ़ लाख रुपये, और दो दिन बाद 24 जुलाई को फिर डेढ़ लाख रुपये लिए। तीन लाख रुपये लेने के बाद आरोपी ने उन्हें उत्तर प्रदेश स्किल डेवलपमेंट मिशन के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर पद का एक फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया।
राधेश्याम के अनुसार, जब उन्होंने नियुक्ति पत्र की सत्यता की जांच कराई तो वह पूरी तरह फर्जी निकला। इस पर जब उन्होंने आरोपी से पैसा मांगा और पूछा कि फर्जी नियुक्ति पत्र क्यों दिया गया, तो आरोपी ने उल्टा धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी लालगंज संजय कुमार ने बताया कि आरोपी जय सिंह उर्फ चिन्कू, निवासी थाना मेहनाजपुर, जिला आजमगढ़ के खिलाफ धोखाधड़ी एवं धमकी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरे मामले में मुंडेरवा थाना क्षेत्र के धौरुखोर निवासी दीपक चौधरी ने तहरीर देकर बताया कि क्षेत्र के दो लोगों ने मिलकर जनवरी 2024 में उन्हें सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने का लालच दिया। आरोपियों ने इसके बदले चार लाख रुपये की मांग की, जिसे दीपक ने पूरा भी कर दिया। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। जब पीड़ित ने पैसा वापस मांगना शुरू किया तो आरोपी भड़क गए और फर्जी केस लगाकर जेल भेजने की धमकी देने लगे। एसएचओ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अजय प्रताप चौधरी निवासी बेनीपुर थाना कलवारी, तथा संजय निवासी भोयर के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।