महराजगंज। खरीफ सीजन में धान और गन्ने की फसल के लिए खाद की बढ़ती मांग के बीच नई ऑनलाइन खाद वितरण व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। करीब 15 दिनों से सर्वर में लगातार तकनीकी खराबी के चलते सहकारी समितियों पर खाद वितरण प्रभावित है। पिछले दो दिनों से स्थिति और गंभीर हो गई है। सर्वर ठप होने से ओटीपी सत्यापन में देरी और बायोमेट्रिक प्रक्रिया बाधित होने से किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है।
क्षेत्र के वी-पैक्स कुचैला-केशवपुर, महराजगंज, उभाई, भदावल कला और कप्तानगंज समेत अन्य सहकारी समितियों पर रोज किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। घंटों इंतजार के बाद भी अधिकांश किसानों को बिना खाद लिए लौटना पड़ रहा है। किसान राजमणि पांडेय और हृदय राम चौधरी ने बताया कि वे तीन दिनों से समिति के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सर्वर खराब होने के कारण खाद नहीं मिल सकी। उनका कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग भी राहत नहीं दे रही, क्योंकि इसकी वैधता केवल दो दिन की होती है। इस दौरान खाद न मिलने पर बुकिंग स्वत: निरस्त हो जाती है।
शुक्रवार को साधन सहकारी समिति उभाई में भी सर्वर की समस्या के कारण खाद वितरण बाधित रहा। पहले से बुकिंग कराने वाले किसान भी प्रक्रिया पूरी नहीं करा सके। उन्हें अब बुकिंग की समय सीमा समाप्त होने की चिंता सता रही है। महादेवरी निवासी अमरनाथ शुक्ला ने बताया कि वह लगातार दो दिन से समिति पहुंच रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल सकी।
वहीं राधिका वर्मा, शिव प्रसाद चौधरी और दौलत राम चौधरी ने बताया कि घंटों इंतजार के बाद भी सर्वर सुचारु रूप से काम नहीं करता। जिन किसानों के आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक नहीं हैं, उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। दूसरी ओर, मोबाइल नंबर लिंक होने पर भी समय से ओटीपी नहीं मिल रहा, जबकि बायोमेट्रिक सत्यापन भी बार-बार बाधित हो रहा है।
किसान नेता अयोध्या चौधरी और रामेश्वर चौधरी ने मांग की कि सर्वर खराब रहने की स्थिति में किसानों की ऑनलाइन बुकिंग निरस्त न की जाए। उनका कहना है कि तकनीकी खामी के कारण किसानों को बार-बार नई बुकिंग करानी पड़ रही है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
वी-पैक्स महराजगंज के सचिव अश्वनी पांडेय ने बताया कि समितियों पर खाद का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, लेकिन पिछले लगभग 14 दिनों से सर्वर की समस्या के कारण वितरण प्रभावित है। वी-पैक्स कुचैला-केशवपुर के सचिव श्याम नारायण वर्मा ने बताया कि सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित वितरण समय में सर्वर अधिकांश समय बंद रहता है।
यदि चलता भी है तो केवल एक-दो मिनट के लिए। साधन सहकारी समिति उभाई के सचिव महेंद्र उपाध्याय ने भी बताया कि करीब 13 दिनों से सर्वर रुक-रुक कर चल रहा है, जिससे खाद वितरण लगातार प्रभावित हो रहा है।
लोग बोले-
एक सप्ताह से खाद के लिए परेशान हैं। उनकी दो बार बुकिंग रद्द हो चुकी है और हर बार नई बुकिंग कराने के लिए जन सुविधा केंद्र पर 20 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। उनका कहना है कि तकनीकी खामी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
-रामशंकर शुक्ल, निवासी देवरी
जन सुविधा केंद्रों पर बुकिंग के लिए 20 से 30 रुपये देने पड़ते हैं। प्रिंट जमा करने के बाद नंबर आने पर 270 रुपये प्रति बोरी की दर से खाद मिलती है, लेकिन सर्वर बाधित होने से पूरी प्रक्रिया रुक जाती है।
-घनश्याम ओझा, निवासी खैरी ओझा