बस्ती। एसपी कार्यालय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब फरियाद लेकर पहुंचे एक युवक ने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर जान देने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस कार्यालय में मौजूद कर्मचारी उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। आसपास मौजूद लोग घटना देख स्तब्ध रह गए। पुलिस अधिकारियों ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल उसे जिला अस्पताल भिजवाया। चर्चा है कि युवक ने पेट्रोल पी भी लिया है। हालांकि पुलिस युवक के पेट्रोल पीने की बात से इनकार कर रही है।
यह सनसनीखेज मामला दुबौलिया थाना क्षेत्र के पाही माफी गांव का है। पीड़ित सुरेश कुमार 27 का आरोप हैं उसने तीन लोगों से 10-10 हजार रुपये 10 प्रतिशत मासिक ब्याज की दर से कर्ज लिए थे। तभी से सूदखोर लगातार उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। उसे बार-बार धमकी भी मिल रही है। सूदखोरों की दबंगई से तंग आकर वह पेट्रोल और प्रार्थना पत्र के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा। उसने जान देने के लिए एसपी कार्यालय के समक्ष अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। चर्चा है कि पीड़ित ने पेट्रोल पी भी लिया है। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस तत्काल पहुंचकर उसे पकड़ लिया। आनन-फानन पुलिस के कुछ अधिकारी भी अपने कक्ष से निकलकर बाहर आ गए। पुलिस जवानों की मदद से उसे जिला अस्पताल भिजवाया गया। इधर पुलिस अधिकारियों ने मामले की गहनता से जांच शुरू करा दी है।
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि युवक की हालत खतरे से बाहर है। पेट्रोल छिड़कते ही उसे पकड़ लिया गया था। उसके द्वारा पेट्रोल पीने की बात सामने नहीं आई है। प्रथम दृष्टया सूदखोरी का मामला सामने आया है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर सभी पहलुओं की जांच शुरू करा दी गई है। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।