- प्रेम विवाह करने जा रहे युवक की पिटाई का निकला मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिला अस्पताल पुलिस चौकी के पास शनिवार को दोपहर अचानक लोगों की भीड़ जुट गई। उसी दौरान कुछ लोग एक युवक को दौड़ा लिए। वह भागकर पुलिस चौकी में घुस गया। पीछे से पहुंचे दूसरे युवकों ने कई थप्पड़ लगाए। कोतवाल राना डीपी सिंह ने पूछताछ किया तो पूछताछ की तो मामला चौंकाने वाला निकला।
कपतानगंज थानाक्षेत्र की एक युवती शहर में पढ़ाई कर रही थी। उस दौरान एक गैर बिरादरी के युवक से उसका प्रेम संबंध हो गया। लड़की ने बाद में युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कोतवाली में केस दर्ज करा दिया था। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके जेल जाने के बाद उसके रिश्ते युवक से ठीक हो गए और पीड़िता ने न्यायालय में युवक के पक्ष में बयान दे दिया। इसके बाद वह जमानत पर छूटकर आ गया। आने के बाद दोनों फिर से एक साथ रहने लगे और कोर्ट मैरिज का प्रार्थनापत्र दे दिया। बताया जा रहा है कि उसी का मेडिकल रिपोर्ट लाने के लिए युवक गया था। जहां कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। कोतवाल राना डीपी सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। पता चला कि इनका मामला न्यायालय में पहले से चल रहा है।