बस्ती। सीएचसी भानपुर में तैनात सिक्योरिटी गार्डों ने शुक्रवार को सीएमओ को ज्ञापन दिया। सीएमओ से अपनी पीड़ा बताई। आरोप लगाया कि सीएचसी से वेतन निकालने के नाम पर कमीशन और प्रोत्साहन राशि की मांग की जाती है। न देने पर ड्यूटी न करने की धमकी दी जाती है।
सीएचसी भानपुर में तैनात गार्डों ने कहा कि जब से वहां तैनाती है, तभी से ड्यूटी के नाम पर परेशान किया जाता है। 24 घंटे तक ड्यूटी कराई जा रही है। पांच की तैनाती है, एक गार्ड को अटैच किया गया है। वहां के अधीक्षक मनमाना ड्यूटी रोस्टर जारी करते हैं। इससे ड्यूटी में परेशानी होती है। गार्डों ने सीएमओ को पत्र देकर अपनी पीड़ा दर्ज कराई और जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं एमओआईसी डॉ. सचिन कुमार का कहना है कि तीन जुलाई को कोई गार्ड अस्पताल में उपस्थित नहीं थे। बात करने पर कहा गया कि इतने मानदेय पर रोस्टर के अनुसार ड्यूटी नहीं करेंगे।
बताया कि 10 से 12 मामले लड़ाई-झगड़े के आते हैं, ऐसे में मामला संभालने में परेशानी होती है। रोस्टर बनाकर ड्यूटी कराने का एक ही उद्देश्य है कि शांति व्यवस्था बनी रहे। यदि कोई समस्या होती है तो रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर तैनात गार्ड की होगी। इसी बात को लेकर वह सब नाराज हैं। बताया कि आठ से दो बजे तक कुशल, सोमनाथ, चंद कमार, प्रदीप कुमार, कुशल त्रिपाठी, सोमनाथ और चंद कुमार की ड्यूटी लगी है। इसी प्रकार दो बजे से आठ बजे तक और आठ बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक ड्यूटी लगी है। वहीं सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने कहा है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है।