गिरफ्तार मंडी सचिव महेंद्र गुप्ता
- वार्षिक प्रविष्टि के लिए रुपये मांगने की एंटी करप्शन से की गई थी शिकायत
- बभनान तबादला करने को लेकर मंडी सहायक से ठनी थी रार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। एंटी करप्शन टीम ने राज्य कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव महेंद्र कुमार गुप्ता को उनके ही दफ्तर में मातहत कर्मचारी से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। मंडी सचिव अपने कार्यालय में बैठे थे। इस दौरान बभनान में तैनात मंडी सहायक राधे रमण यादव कमरे में पहुंचे और रबर बैंड लगे नोटों का बंडल हाथ में थमाया। सचिव ने वह रुपये अपनी दराज में जैसे ही रखे तभी आसपास मंडरा रही एंटी करप्शन टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक की तहरीर पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। बुधवार को उन्हें गोरखपुर स्थित भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय में पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि सचिव ने हाल में मंडी सहायक राधे रमण यादव का बभनान सेक्टर में तबादला कर दिया था। इसको लेकर मंडी सहायक काफी असंतुष्ट थे। काफी सिफारिश भी कराई, लेकिन सचिव ने आदेश में बदलाव नहीं किया।
एंटी करप्शन टीम को दिए प्रार्थनापत्र में मंडी सहायक ने लिखा कि उनकी एसीपी यानी सुनिश्चित वार्षिक प्रविष्टि के लिए सचिव 20 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे। न देने पर एसीपी पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे। इस शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप में उन्हें फंसा लिया।
सचिव के मुताबिक 31 जुलाई को महीने की क्लोज़िंग के समय एक व्यापारी का 20 हजार रुपये मंडी शुल्क की रसीद मंडी सहायक ने कटवाई थी, वही रुपये लाकर दिए और पीछे से एंटी करप्शन टीम आ गई।