सह डीआईओएस को ज्ञापन देते माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के लोग-स्रोत शिक्षक
बस्ती। माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के आह्वान पर बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय परिसर में शिक्षकों ने अपनी लंबित 25 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सह जिला विद्यालय निरीक्षक अनूप कुशवाहा को सौंपा गया।
ज्ञापन में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का राजकीयकरण, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने, वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा नियमावली लागू करने तथा मदरसा शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सहायता योजना का लाभ देने की मांग की गई। इसके अलावा प्रधानाचार्य भर्ती में लिखित परीक्षा लागू करने और हाल में हुई राजकीय प्रवक्ता भर्ती परीक्षा से जुड़े लंबित बकाया का शीघ्र भुगतान कराने की भी मांग उठाई गई।
धरने को प्रदेश कोषाध्यक्ष बिजेंद्र कुमार, प्रदेश मंत्री ध्रुव नारायण चौधरी, अटेवा के मंडलीय महामंत्री दीपक सिंह प्रेमी, अटेवा संयोजक तौआब अली, जिलाध्यक्ष अजय वर्मा, महामंत्री डॉ. सत्यप्रकाश मौर्य, वीरेंद्र वरुण, राकेश सिंह, बाबूराम और शिवमूर्ति चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।