नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामगढ़ उर्फ जंगल कठार में पक्के मकान की मांग के लिए किशोर के वायरल हुए वीडियो का बृहस्पतिवार को एसडीएम हर्रैया ने संज्ञान लिया है। उन्होंने राजस्व टीम गांव भेजकर पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास दिलाने की प्रक्रिया कराने का निर्देश दिया।
गांव निवासी अशर्फी चौहान का कच्चा मकान लगभग 15 दिन पूर्व हुई भारी वर्षा में गिर गया था। हादसे में उनका बेटा नैतिक चौहान घायल हो गया था। मकान गिरने के बाद उनका परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया था। बुधवार को नैतिक ने एक वीडियो बनाकर सहायता की गुहार लगाई जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
बृहस्पतिवार को हर्रैया के एसडीएम उमाकांत तिवारी के निर्देश पर राजस्व टीम अशर्फी के घर पर पहुंची। लेखपाल प्रवेश कुमार ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई और क्षतिग्रस्त मकान का आकलन किया। एसडीएम ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शीघ्र आवास स्वीकृत कराने के लिए लेखपाल और ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया।