कप्तानगंज(बस्ती)। थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गन्ना क्रय केंद्र पर शनिवार की सुबह साइड देने के विवाद में स्कार्पियों सवार मनबढ़ों ने एक किसान की दौड़ाकर पिटाई कर दी और उसका कान काट लिया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेते हुए घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते छानबीन कर रही हैं। घटना में शामिल मनबढ़ एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
बता दें कि थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव में मुंडेरवा चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर शनिवार की सुबह 9 बजे बरहपुर गांव के किसान जगदीश चौधरी ट्राॅली से गन्ना लेकर आ रहे थे। पीछे से एक डंपर आ रहा था। सड़क सकरी होने के कारण ट्राॅली किनारे नहीं हो पाई। इससे डंपर को एकटकवा चौराहे तक ट्राॅली के पीछे-पीछे आना पड़ा। इससे डंपर चालक उग्र हो गया। एकटकवा चौराहे पर ट्राॅली चालक और डंपर चालक में विवाद हो गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत करा दिया। इसके बाद डंपर चालक ने मामले की जानकारी अपने जानने वालों को दे दी।
जैसे ही ट्राॅली लेकर किसान कल्यानपुर क्रय केंद्र पर पहुंचा, तभी पीछे से स्कार्पियों सवार आधा दर्जन मनबढ़ आ धमके और किसान से मारपीट करने लगे। संवाद